Friday, 7 July 2017

----- नाटक ----

--द्वन्द्व--

(नाटक)
  -डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

==============================================

( एक कक्षा का दृश्य है कि आज क्लाश टीचर नहीं आये हैं)


संजय- सुनो.... सुनो.... सुनो.....  आज हमारे क्लाश टीचर सर नहीं आये हैं।

लाली- तो .... तो क्या हुआ ? अबसेंटी लग जाएगी

दीपक- कितनी अबसेंटी लगेगी ? ..... तेरह टीचर नहीं हैं....

विजय- अरे आह ! तब तो हम दो घंटे खाली हैं

रणधीर- मजा आ गया... मजा आ गया ... (नाचता है)

प्रतिभा- मेरे पास एक आइडिया है

सभी- क्या ..... बताओ ..... बताओ ......  (सभी छात्र प्रतिभा की ओर देखते हैं)

प्रतिभा- सौन्दर्य प्रतियोगिता करते हैं

रणधीर- ब्यूटी कम्प्टीशन ..... !

लाली- मैं ऐश्वर्य राय बनती हूँ

विजय- मैं शाहरूख खान

प्रतिभा- मैं शबाना

रचना- मैं जूही

रणधीर- मैं अमिताभ बच्चन

संजय- पुरस्कार क्या दोगे ?

दिनेश- मेरे पास पानी की बोतल है

रमेश- चलेगा

विजय- ठीक है..... फिर शुरू करें .....

सभी- हाँ .....हाँ .....

अमित- आज की सौन्दर्य प्रतियोगिता में हम सुप्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन का स्वागत करते हैं।

विजय- सौन्दर्य प्रतियोगिता के प्रतिभागी  सुश्री ऐश्वर्या, सुश्री रेखा, सुश्री शबाना जी हैं और पुरुष सौन्दर्य प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं श्री शाहरूख खान, सलमान खान।

      ( कई संचालक संचालन कर रहे हैं )

रमेश- मंच पर पधार रही हैं सुश्री ऐश्वर्या

रणधीर- और अब आ रही हैं शबाना जी

रमेश- सलमान खान

रणधीर- सुश्री रेखा जी

रमेश- और अब आ रहे हैं .... शाहरूख खान

विजय- अब मैं अमित जी से अनुरोध करती हूँ कि वे मंच पर आयें और प्रतियोगिता का परिणाम घोषित करें ....... अमित जी ....!

अमित- आज की विजेता हैं ........ मिस प्रतिभा सिंह

पत्रकार- प्रतिभा जी, आप मिस स्कूल चुनी गई हैं ...... कैसा लग रहा है ?

प्रतिभा- बहुत अच्छा

पत्रकार- आप बड़ी होकर क्या बनना चाहेंगी ?

प्रतिभा- एक अभिनेत्री
      ( शिक्षक का प्रवेश )

शिक्षक- क्या हो रहा है ? ...... क्लाश रूम को नाट्यशाला बना दिया है ?
    ( सभी छात्र-छात्रायें अपनी-अपनी जगह पर सिर झुकाकर खड़े हो जाते हैं)

शिक्षक- प्रतिभा ! आजकल तुम अपनी पढ़ाई में मन नहीं लगा रही हो।

प्रतिभा- जी ...... जी .... सर ....

शिक्षक- कल अपने मम्मी-पापा को बुलाकर लाना

प्रतिभा- जी..... जी... सर...

    ( घंटी बजती है..... मंच से सभी बाहर जाते हैं.... फिर शिक्षक का प्रवेश )

शिक्षक- पता नहीं आजकल के विद्यार्थियों को क्या हो गया है.... पढ़ाई में तो बिल्कुल मन ही नहीं लगाते हैं.....

रणधीर- ( प्रतिभा के पिता) ........ सर जी ! प्रणाम ...... सर जी ...! आपने मुझे बुलाया है ?

शिक्षक- जी हाँ ..! .. आपकी बेटी  प्रतिभा आजकल पढ़ाई में कम ध्यान दे रही है... नाटक खेलने और गाना गाने में अपना समय खराब कर रही है....

रणधीर- ( प्रतिभा की ओर देखते हैं ...... प्रतिभा सिर नीचा करके खड़ी रहती है)
क्या सुन रहा हूँ प्रतिभा ...... ! !

बीना(प्रतिभा की माँ)- प्रतिभा ! तू पढ़ाई नहीं करेगी ...... तो फिर क्या करेगी.....?

प्रतिभा- माँ...! मैं अभिनेत्री बनूँगी .....

रणधीर- आज तक हमारे परिवार में कभी कोई मंच पर नहीं नाचा है...... तुम मंच पर जाकर नाचोगी ..... ! !

बीना- अरे !.... हमारी इज्जत मिट्टी में मिल जाएगी....

    ( नेपथ्य में... बारहवीं उत्तीर्ण करने के बाद सभी बच्चे कसमकश में हैं कि कालेज में किस विषय में दाखिला लें..... उन्हें सही मार्गदर्शन कहीं से नहीं मिल पा रहा है)

ममता- निशा कह रही थी कि साइंस ले रही हूँ....तू भी ले ले.......
मम्मी कहती है कि घर में बैठो... क्या करोगी ज्यादा पढ़ लिखकर......
पापा कहते हैं कि इंजीनियरिंग में एडमीशन ले लो.....
मैं कन्फ्यूस्ड हूँ....... मैं क्या करूँ ..... क्या चाहती हूँ..... कोई समझता ही नहीं है....... ( सोचते हुए घूमती है)

( विजय और भारती का प्रवेश )



लेखिका-
          -डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर